चीन सीमा के लिए बन रही धापा- मिलम सड़क की कटिंग के कार्य में लगी पोकलैंड। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मौसम अनुकूल होते ही चीन सीमा के लिए बन रही मुनस्यारी- धापा- मिलम मोटर मार्ग का निर्माण तेज हो गया है। लगभग 14 किलोमीटर सड़क के कटते ही मिलम रूट से भी चीन सीमा तक पहुंच हो जाएगी। सड़क कटिंग के लिए चिनूक हेलिकॉप्टर से पोकलैंड सहित अन्य उपकरण मिलम पहुंचा दिए गए हैं।
चीन सीमा तक पहुंच के लिए धापा से मिलम के लिए मोटर मार्ग का निर्माण चल रहा है। वर्ष 2008 से निर्माणाधीन यह सड़क धापा से बोगडियार तक 20.5 किलोमीटर तक कट चुकी है। छह किलोमीटर के हिस्से में डामरीकरण भी किया जा चुका है। मिलम की ओर से बोगडियार के बीच 32 किलोमीटर सड़क मापांग नहरदेवी के बीच काटी जा चुकी है। लगभग 54 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर केवल 14 किलोमीटर सड़क की कटिंग की जानी शेष है। इसके लिए बीआरओ ने पोकलैंड सहित अन्य मशीनें चिनूक हेलिकॉप्टर से निर्माण स्थल पर पहुंचाईं हैं। बीआरओ ने स्थानीय मजदूरों को भी सड़क कटिंग में लगाया है।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में इस समय सड़क कटिंग का कार्य चल रहा है। यहां आठ महीने कड़ाके की ठंड पड़ती है। इसके अलावा नवंबर से मार्च तक पूरे क्षेत्र के बर्फ से ढंक जाने से कटिंग का कार्य प्रभावित होता है। गर्मी शुरू होने के बाद बर्फ पिघलते ही अब सड़क कटिंग के काम में तेजी आ गई है।
मिलम सड़क का काम तेजी से किया जा रहा है। मिलम की ओर मल्ला जोहार में चिनूक हेलिकॉप्टर की मदद से सड़क काटने के लिए मशीनों को पहुंचाया गया है। सड़क निर्माण के कार्य में स्थानीय मजदूरों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क कटिंग का कार्य जल्दी पूरा हो, इसके लिए स्थानीय लोगों का भी सहयोग जरूरी है। - एएस राठौर, चीफ इंजीनियर बीआरओ
....................