पिथौरागढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय आठगांवशिलिंग में मंगलवार को एनसीसी कैडेट के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर कैडेटों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से धमाल मचाया।
80वीं उत्तराखंड एनसीसी वाहिनी की ओर से बीते एक जून से आयोजित शिविर में पिथौरागढ़ और चंपावत जनपद के 540 कैडेट शामिल हुए। कैडेटों को ड्रिल, मैप, आपदा प्रबंधन और ड्रोन संचालन आदि का प्रशिक्षण दिया गया। मंगलवार को समापन समारोह में कमान अधिकारी लेफ्टि. कर्नल देवेश सिंह ऐरी ने कैडेट्स को शिविर में मिले प्रशिक्षण को जीवन में प्रतिदिन अपनाने और एकताबद्ध रहने का संदेश दिया।
बता दें कि वाहिनी की ओर से बीते 12 मई से तीन चरणों में यह प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया गया। इसमें पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और नैनीताल से साथ रुड़की और देहरादून ग्रुप के कैडेटों ने प्रतिभाग किया। इन कैंपों में कैडेट्स ने सेना के तौर-तरीकों के साथ फायरिंग आदि का प्रशिक्षण लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि दायित्वधारी गणेश सिंह भंडारी ने कैडेट्स को देशभक्ति का जज्बा और समर्पण रखने को प्रेरित किया।
इस मौके पर सूबेदार मेजर गंगा सिंह, सूबे. हरेंद्र सिंह और प्रसाद गुरुंग, बीएचएम नवीन सिंह, सीएचएम त्रिलोक सिंह, कुंदन सिंह, कमल सिंह, भैरवी प्रसाद, राजेंद्र चंद रजवार, प्रकाश उनियाल, प्रदीप उनियाल, मनोज गिरी, सोनी टम्टा कोहली और दीपेश कुमार आदि उपस्थित रहे।