बेड़ीनाग के नौलिंग बंजैण मंदिर में नवरात्रि की शुरुआत पर निकली कलश यात्रा।
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। नवरात्र के पहले दिन क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई। तहसील मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूरी उडियारी गांव में स्थित नौलिंग बंजैण मंदिर में नवरात्रि की शुरुआत कलश यात्रा के साथ शुरू हुई। ढोल-नगोड़ों और छोलिया नृत्य के साथ गांव में कलश यात्रा निकाली गई। मुख्य पुजारी राजेंद्र पंत ने बताया कि नवरात्र में 10 दिनों तक यहां चार पहरों में पूजा-अर्चना होगी। अष्टमी के दिन दीप दान और नवमी पर मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मंदिर में प्रतिदिन ग्रामीणों की ओर से भंडारा कराया जाता है। कलश यात्रा में ग्राम प्रधान हेमा देवी, दीपा देवी, देवकी देवी, राधा देवी, ममता महरा, पुष्पा देवी, दीवान सिंह, कल्याण सिंह, हयात सिंह, शंकर सिंह, सुंदर सिंह, चंचल सिंह, भगवान सिंह आदि शामिल रहे।
त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में उमड़ी भीड़
मुवानी (पिथौरागढ़)। भंडारी गांव रजवार के शीर्ष पर स्थित मां त्रिपुरा सुंदरी के मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। पुजारी बसंत लेखक ने श्रद्धालुओं की पूजा पाठ संपन्न कराई। नवरात्र में दूर-दूर से लोग यहां पहुंचते हैं।अब मंदिर तक सड़क बन जाने से लोगों को आवागमन में आसानी हो रही है।