कनालीछीना (पिथौरागढ़)। जीआईसी कनालीछीना में नमामि गंगे योजना के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पेयजल मंत्री विशन सिंह चुफाल ने इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ को आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने कुमाऊं के लिए 200 करोड़ रुपये दिए हैं।
चुफाल ने कहा कि जिस प्रकार नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा को साफ, स्वच्छ और निर्मल बनाया जा रहा है, उसी प्रकार कुमाऊं क्षेत्र की नदियों में भी स्वच्छता कार्य के अतिरिक्त नदियों में जो गंदे नाले प्रवाहित किए जा रहे हैं, उनका सही ट्रीटमेंट किया जाएगा। नदियों को साफ, स्वच्छ, निर्मल बनाने के साथ ही कई जगह स्नान घाटों, मोक्ष धामों का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों एवं स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य कर रहे विभिन्न समूहों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ एवं लोकगीतों के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को भी प्रदर्शित किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक उन्मूलन के उद्देश्य से कपड़े के थैलों के साथ ही फलदार पौधे भी बांटे गए।
इस दौरान क्षेत्र प्रमुख सुनीता कन्याल, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत वीरेंद्र बोहरा, नमामि गंगे के राज्य परियोजना प्रबंधन पूरन कापड़ी, ईई जल संस्थान अवधेश कुमार, ग्राम प्रधान मनोज सिरोला, ग्राम संगठन अध्यक्ष रवींद्र कुमार, रमेश पांडेय, प्रधान ममता देवी, ज्येष्ठ उपप्रमुख कनालीछीना हेमलता, जिला पंचायत सदस्य दीपिका भट्ट आदि रहे। ललित शौर्य ने संचालन किया। इससे पूर्व मंत्री चुफाल की अगुवाई में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।