तहसील मुख्यालय तथा उससे सटे मोहल्लों में पेयजल को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। तीन दिन से पानी न आने के कारण ठंड के मौसम में लोगों को इधर उधर भटकना पड़ रहा है। बताया गया है कि जिस पुराने स्रोत से मुनस्यारी बाजार, अस्पताल रोड, नानासैम, तल्लाबुंगा मर्तोलीबाड़ा को पानी की सप्लाई की जा रही थी उसमें पानी की मात्रा कम हो गई है। पिछले दिनों मुनस्यारी के दौरे पर आए पेयजल मंत्री के सामने समाजसेवी गोकर्ण मर्तोलिया ने यह मामला उठाया था। बाद में यहां के दौरे पर आई मानवाधिकार आयोग की टीम के सामने भी पेयजल संकट का मुद्दा उठा था। अब समस्या गंभीर रूप ले चुकी है।
इस संबंध में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बिलाल युनूस ने कहा कि मुनस्यारी की पेयजल लाइन को नए स्रोत से जोड़ा जाएगा। यह काम एक दो दिन में शुरू कर दिया जाएगा। इधर, लोगों को शिकायत है कि मुनस्यारी में विभाग का कोई अधिकारी नहीं रहता। ईई ने कहा कि मुनस्यारी की पेयजल व्यवस्था देखने के लिए एक जेई की तैनाती की गई है, वह इस समय अवकाश पर हैं। लाइनमैनों को व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।