आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में बिल माफी के बाद भी बिजली के भारी-भरकम बिल आने से गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी और जेई का घेराव किया। बिल माफ न होने पर आंदोलन की धमकी दी है।
बिजली के बिलों की सुनवाई के लिए जौलजीबी पहुंचे यूपीसीएल के उपखंड अधिकारी दरपान सिंह निर्खुपा, जेई केशर पांडे का महिला सशक्तिकरण मंच की अध्यक्ष लीला बनग्याल के नेतृत्व में लोगों ने घेराव किया। बनग्याल का कहना था कि प्रदेश सरकार ने 2013 की आपदा के बाद बिजली के बिलों को माफ करने की घोषणा की थी। विभाग ने भी बिजली के बिलों को माफ करने के सरकार के निर्णय की पुष्टि करते हुए जून 2013 से बिजली के बिलों को माफ करने की बात कही थी।
इन लोगों ने कहा कि सरकार बिल माफ नहीं करा सकती थी, तो उसे इस तरह का एलान नहीं करना चाहिए था। बिल माफी की घोषणा के बाद लोगों ने बिल जमा नहीं किया, आज विभाग 20000 रुपये तक के बिल लोगों को थमा रहा है। इस पर उपखंड अधिकारी ने कहा कि पुरानी रिडिंग जुड़ने से यह दिक्कत आई है। 10 दिन के भीतर बिलों को ठीक कर लिया जाएगा। घेराव में दिनेश चलाल, कमल सिंह, सुमित्रा बुड़ाथोकी, मादी दताल, गिरधर बुड़ाथोकी समेत तमाम लोग शामिल थे।