डॉ. आरएस टोलिया राजकीय महाविद्यालय मुनस्यारी के 50 छात्र-छात्राएं एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत कर्नाटक का भ्रमण करेंगे। साथ ही कर्नाटक के 50 विद्यार्थी मुनस्यारी के भ्रमण पर आएंगे।
शुक्रवार को महाविद्यालय में एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत हुई गोष्ठी में कर्नाटक भ्रमण के लिए चुने गए महाविद्यालय के 50 छात्र-छात्राओं के साथ विचार-विमर्श किया गया। मुख्य अतिथि समाजसेवी राम नारायण ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण सांस्कृतिक और व्यावहारिक आदान-प्रदान के लिए लाभदायक सिद्ध होगा। इससे छात्र-छात्राओं को अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, भौगोलिक स्थिति, खान-पान, बोली-भाषा, तौर तरीकों और जीवन पद्धति को जानने, समझने का अवसर प्राप्त होता होगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एमपी नगवाल ने कहा कि कार्यक्रम के तहत मार्च 2020 के दूसरे सप्ताह में कर्नाटक से 50 विद्यार्थियों का दल मुनस्यारी महाविद्यालय आएगा। मार्च के तीसरे सप्ताह में महाविद्यालय मुनस्यारी से 50 विद्यार्थियों का दल 11 दिन के लिए कर्नाटक जाएगा। इस कार्यक्रम से मुनस्यारी के छात्र-छात्राओं को कर्नाटक की संस्कृति को जानने के साथ ही शैक्षणिक व्यवस्था के आदान-प्रदान का अवसर प्राप्त होगा, जो उनके विकास के दृष्टिकोण से बेहद अहम है।
नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार जोशी ने बताया एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम विभिन्न प्रांतों के छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक और व्यवहारिक आदान-प्रदान के लिए उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। गोष्ठी में माटी संगठन की रेखा, त्रिलोक सिंह, प्रदीप मंडल, डॉ. रवि जोशी, डॉ. पुष्पा पंत, विनीता महर, लक्ष्मी देवी, छात्रसंघ अध्यक्ष कमला, गणेश कुमार, सुरेश कुमार, लता, कंचन ने विचार रखे। गोष्ठी का संचालन डॉ. रवि जोशी ने किया।