हरेला पर्व को लेकर विकास भवन सभागार में बैठक लेते डीएम।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। हरेला पर्व के संबंध में विकास भवन सभागार में डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने नगर पालिका पिथौरागढ़ को हरेला सप्ताह के तहत नगर के प्रत्येक परिवार को पौधा उपलब्ध कराकर उनको पौधरोपण कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को यक्षवती नदी क्षेत्र में पिछले साल लगाए गए पौधों में कितने जीवित हैं, कितने पौधे बड़े हो गए हैं, इसकी रिपोर्ट हर हाल में रविवार तक देने के निर्देश भी दिए हैं।
डीएम आनंद स्वरूप ने कहा कि 16 जुलाई हरेला के दिन जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधानों को एक-एक पौध रोपण के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा यक्षवती नदी पुनर्जीवन कार्यक्रम के अंतर्गत नदी भू परिक्षेत्र में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। डीएम ने कहा कि यक्षवती नदी पुनर्जीवन के लिए पिछले वर्षों में जिन विभागों ने स्थानीय लोगों एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से क्षेत्र में पौधारोपण किया था, उसमें से वर्तमान तक कितने पौधे जीवित है या बड़े हुए हैं उनका स्थलीय निरीक्षण कर रविवार तक रिपोर्ट देने को कहा।
डीएम ने कहा कि हरेला सप्ताह और पर्व के अवसर पर जिले में बृहद संख्या में पौधरोपण करने के अतिरिक्त नदी पुनर्जीवन थीम पर नदी एवं जल संरक्षण के लिए कार्य किया जाएगा। डीएफओ डॉ. विनय भार्गव ने मानसूनकाल में पौधरोपण अभियान की जानकारी दी।
यक्षावती नदी के संरक्षण के लिए कराए कार्यों की जानकारी दी
पिथौरागढ़। हरेला सोसाइटी के मन्नू डफाली ने बताया कि पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से रई यक्षवती नदी क्षेत्र में विगत वर्षों में कराए गए जल संरक्षण आदि कार्यों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर सीडीओ अनुराधा पाल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, पुलिस उपाधीक्षक आरएस रौतेला, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)