पिथौरागढ़। जाखनी वार्ड निवासी मृत शिक्षक की रिवर्स ट्रासक्रिप्शन पॉलीमिरेज चेन रिएक्शन (आरटीपीसीआर) रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों में दहशत है। उनके संपर्क में आए 35 लोगों की स्वास्थ्य विभाग ने सूची जारी कर क्वारंटीन में रहने के निर्देश पहले ही दे दिए थे। अब प्रशासन शिक्षक के मोहल्ले के लोगों के सैंपल लेकर मोहल्ले को सील करेगा। शिक्षक की मौत 5 अगस्त को हो गई थी।
शनिवार को शिक्षक की आरटीपीसीआर रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी परेशान है। स्वास्थ्य विभाग ने शिक्षक के संपर्क में आए 35 लोगों को चिह्नित कर क्वारंटीन में रहने के निर्देश दिए थे। अब शिक्षक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद टीम इन लोगों की जांच भी करेगी। सीएमओ डॉ. एसचसी पंत ने बताया कि शिक्षक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा जो लोग भी उनके संपर्क में आए हैं, वह स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर अपनी जांच कराएं। इससे पहले शिक्षक की ट्रूनेट मशीन से हुई जांच भी पॉजिटिव आई थी। जिला अस्पताल के पैथोलॉजिस्ट डॉ.नरेंद्र शर्मा का कहना है कि इस रिपोर्ट से ट्रूनेट की विश्वसनीयता भी बढ़ी है।
जिले में कोरोना बीमारी से यह दूसरी मौत है। इससे पहले एसएसबी के अधिकारी की कोरोना से मौत हो गई थी। शिक्षक की मौत के बाद लोग काफी डरे हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से गैस वितरण सहित सभी सार्वजनिक स्थलों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब जिले में कोरोना का कोई मामला नहीं था तब तमाम पाबंदियां लगाई गई थी और अब संक्रमण होने के बाद अब प्रशासन की ओर से कोई सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।