मुवानी (पिथौरागढ़)। महोत्सव की दूसरी शाम युवा लोकगायक दर्शन फर्स्वाण और दीपा नगरकोटी की जुगलबंदी में दर्शक झूमते रहे। दर्शन के मोतिमा रंगीली मोतिमा जी रए तेरी बलाई... गीत पर दर्शक देर तक झूमते रहे।
पिथौरागढ़ से आए चंचल रावत एंड पार्टी, युवा डांसर हनी ग्रुप, बेड़ीनाग के वी डांस ग्रुप और गंगोलीहाट के हास्य कलाकार गणेश बिष्ट ने अपनी अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया।
मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, कपकोट के पूर्व कांग्रेस विधायक ललित फर्स्वाण रहे। इस मौके पर विप्लव भट्ट, हंस कुमार पाल, त्रिभुवन राठौर, अध्यक्ष कमलदीप बिष्ट, जीवन सिंह बोरा, संजय वर्मा, रमेश बम, दीपक कार्की आदि रहे।
महोत्सव में दी कानूनी जानकारी
मुवानी। जिला विधिक प्राधिकरण की सचिव और सीनियर सिविल जज विभा यादव ने महोत्सव में लोगों को विभिन्न कानूनी जानकारियां दीं। स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस मौके पर बाल विकास अधिकारी निर्मल बसेड़ा, थानाध्यक्ष थल योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।
कलश यात्रा के साथ बिशुंग महोत्सव का श्रीगणेश
लोहाघाट (चंपावत)। चार दिनी बिशुंग महोत्सव से पहले कलश यात्रा निकाली गई। रविवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल और लोहाघाट की ब्लॉक प्रमुख नेहा ढेक ने महोत्सव का शुभारंभ किया। महिलाओं और छात्राओं ने गांव के टाक करायत स्थित मां भगवती मंदिर से कलश यात्रा निकाली।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष राकेश करायत ने कहा कि महोत्सव में शैक्षिक, खेलकूद प्रतियोगिता के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। डॉ. महेश ढेक और हरीश मुरारी के संचालन में हुए कार्यक्रम में बृजेश माहरा, रोहन बिष्ट, देव बोहरा, नितिन मुरारी, सतीश महरा, अजय महरा, बिशन दत्त मुरारी, नीरज करायत, नाथ सिंह करायत, नरेश फर्त्याल आदि मौजूद थे।
सीमा क्षेत्रीय दीप महोत्सव का शुभारंभ
लोहाघाट (चंपावत)। नेपाल सीमा से लगे गुमदेश के खालगढ़ा में तीन दिनी सीमा क्षेत्रीय दीप महोत्सव शुरू हो गया। जिला पंचायत सदस्य प्रीति पाठक और भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहित पाठक ने महोत्सव का आगाज किया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष सरिता अधिकारी के दिशा निर्देशन में क्षेत्र के दुधाधारी मंदिर से खालगढ़ा होते हुए छलिया नृत्य के बीच कार्यक्रम स्थल तक कलशयात्रा निकाली गई।
कलशयात्रा में किमतोली, नाकोट, टमटकांडे, खालगढ़ा, गुरेली, ढोरजा, पुल्ला, चमदेवल मडलक, रौसाल आदि क्षेत्रों से आई महिलाओं ने कलशयात्रा में शामिल हुईं। दीपक जोशी और संजय पांडे के संचालन में प्रीति पाठक ने मंच निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की। कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
आयोजन में मदन कलौनी, चांद बोहरा, माधो सिंह अधिकारी, कुंवर प्रथोली, नर सिंह धौनी, युगल धौनी, एलडी भट्ट, पुष्कर बोहरा, मनीष भट्ट आदि मौजूद थे। कोतवाल इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शांति और सुरक्षा व्यवस्था में जुटी हुई है।