बंगापानी तहसील की ग्राम पंचायत शिलिंग के तोक खरतोली में जगह-जगह भूस्खलन होने से 32 परिवार खतरे की जद में आ गए हैं। रास्ते, पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पीड़ित परिवारों का कहना है अगर ऐसे ही बारिश होती रही तो खरतोली में रहना मुश्किल हो जाएगा।
झूलाघाट में महाकाली उफान पर
जुम्मा में अतिवृष्टि और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद महाकाली नदी उफान पर है। काली नदी के उफान पर आने से लगातार नदी किनारे भू कटाव हो रहा है। जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया है। झूलाघाट में भी माइक लगाकर लोगों को चेतावनी दी जा रही है।
जौलजीबी में गोरी नदी का जल स्तर बढ़ने से नुकसान
रविवार रात जौलजीबी में गोरी नदी का जल स्तर अचानक बढ़ने से अहमद हुसैन पुत्र अली हसन की दो बकरियां बाड़े में जल भराव होने से मर गई। टीवी मैकेनिक जुनैद अहमद पुत्र जहूर अहमद के स्टोर में पानी भरने से रिपेयर के लिए रखे टीवी सेट भी पानी में डूब गए। अधिक बारिश से सोहन राम पुत्र दानी राम के घर के आगे की दीवार गिर गई। इससे मकान को खतरा हो गया है। व्यापार संघ अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तू ने कहा, यदि समय रहते आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिल गई होती तो शायद बकरियों, टीवी रिपेयर की दुकान को इतना नुकसान नहीं होता। जौलजीबी मेला स्थल तक पानी भर गया। कहा कि अगर संचार सुविधा सही होती तो जानकारी समय पर दी जा सकती थी।