सड़क बनाने पर विधायक का स्वागत
- फोटो : अमर उजाला
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सीमा से सटे बलतड़ी गांव तक सड़क पहुंच गई है। तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण जिला योजना और विधायक निधि से मिली धनराशि से हुआ है। सड़क का उद्घाटन करने पहुंचे विधायक विशन सिंह चुफाल का लोगों ने ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। विधायक ने कहा कि जिन गांवों में सड़क की जरूरत है वहां के लिए वह अपनी विधायक निधि से पैसा देकर रोड तैयार करवा रहे हैं। सड़क न बनने के कारण लोगों को तीन किलोमीटर का पैदल सफर करना पड़ता था। साथ ही गांव तक सामान ले जाने और रसोईगैस का सिलेंडर ले जाने में भारी मुसीबत उठानी पड़ती थी।
श्री चुफाल ने कहा कि सड़क बन जाने से अब गांव का विकास होगा। साथ ही गांव से हो रहे पलायन की रफ्तार थम जाएगी। बलतड़ी गांव के कई परिवार असुविधाओं के कारण तराई में जाकर बस गए हैं। ग्राम प्रधान गोपी राम ने कहा कि सड़क का सपना अब पूरा हो गया है। इस मौके पर भाजपा कार्यसमिति के सदस्य राजेंद्र रावत, मंडल अध्यक्ष दिवाकर जोशी, रमेश चंद, राजू भंडारी, लक्ष्मण चंद, पवन चंद, खष्टी भट्ट, हर सिंह बसेड़ा, सुरेश भट्ट, गुड्डू चंद, संजीव जोशी, ललित चंद, योगेश चंद समेत तमाम लोग थे। गर्म घाटी वाले बलतड़ी गांव में सब्जी और फलों का उत्पादन होता है। इसके अलावा यह इलाका मक्का उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है।