पिथौरागढ़। विकास भवन में मंगलवार को जिला स्तरीय पुनरीक्षण समन्वय समिति (डीएलआरसी) की बैठक हुई। इसमें डीएम आनंद स्वरूप ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाईं जा रहीं कल्याणकारी योजनाओं समेत पिछले और चालू वित्तीय वर्ष के जून तक की प्रगति समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।
आरसेटी की समीक्षा में डीएम आनंद स्वरूप ने कहा कि जिले में स्वरोजगार एवं व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए सभी बैंक अधिकतम ऋण स्वीकृत कर जिले में आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाएं। उन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष में जिले में ऋण-जमा अनुपात की बैंकवार समीक्षा कर सभी बैंकों को ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने के निर्देश दिए।
आरसेटी के निदेशक एचसी पुनेठा ने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में 545 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 1656 अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रकार का प्रशिक्षण दिलाया गया है। जिले में औद्योगिक आस्थान परिसर में आरसेटी प्रशिक्षण संस्थान के भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें से 50 लाख की पहली किश्त मिल गई है।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अमित पांडेय ने सरकार की विभिन्न बैंक पोषित योजनाओं से संबंधित जानकारियां दीं। बैठक में सीडीओ अनुराधा पाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा, लीड बैंक प्रबंधक अमर सिंह ग्वाल, निदेशक आरसेटी एचसी पुनेठा, सीवीओ डॉ. विद्यासागर कापड़ी, क्षेत्रीय प्रबंधक यूजीबी कृष्ण मोहन शर्मा मौजूद रहे।