डीडीहाट (पिथौरागढ़)। विकासखंड की सबसे बड़ी ग्राम सभा खेतार कन्याल में 90 प्रतिशत से अधिक लोगों का कोरोना टीकाकरण हो गया है। इसी ग्राम पंचायत में शामिल वनराजि गांव में भी कोरोना टीकाकरण 90 प्रतिशत हो गया है।
खेतार कन्याल ग्राम पंचायत के वनराजियों के मदनपुरी, कूटा, चैरानी गांव आते हैं। इसमें अब मात्र 10 लोगों को ही कोरोना टीका लगाना है। इन गांवों में 18 से अधिक उम्र के 100 लोगों को टीका लगना था। इनमें से 90 लोगों को टीका लग चुका है।
ग्राम प्रधान महेश कन्याल के प्रयासों से उनकी ग्राम पंचायत के 750 लोगों में से 704 लोगों को कोरोना टीका लगा दिया है। इनमें से 500 लोगों को गांव में ही शिविर लगाकर टीके लगाए गए। 204 लोगों ने सीएचसी डीडीहाट में टीका लगाया।
एसडीएम केएन गोस्वामी के निर्देश पर स्वास्थ्य समेत कई विभागों ने कई दिनों तक वनराजियों के गांव में शिविर लगाकर उन्हें कोरोना टीका लगाने के लिए राजी किया था। एसडीएम केएन गोस्वामी ने कहा कि इस टीकाकरण में ग्राम प्रधान महेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा।