पिथौरागढ़ में दीदी-बैंणी नारी शक्ति महोत्सव में बोले धामी, कहा-डीजीसीए की अनुमति के बाद नियमित होगी हवाई सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकास की दौड़ में हमारे सीमांत जनपद सबसे आगे रहेंगे। पिथौरागढ़ जिले में मेडिकल कॉलेज जल्द बनेगा। इसके लिए एक हजार से ज्यादा पदों की स्वीकृति पर मंत्रिमंडल ने सहमति जता दी है।
मंगलवार को देव सिंह मैदान में आयोजित दीदी-बैंणी नारी शक्ति महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीसैनी हवाई अड्डे से 19 सीटर विमान की ट्रायल लैंडिंग सफल हुई है। डीजीसीए की अनुमति आने पर यह विमान नियमित रूप से चलेगा। यह भी कहा कि पिथौरागढ़ में पार्किंग, पंपिंग योजनाएं, प्रशासनिक भवन और सड़कों के निर्माण कार्य में तेजी आई है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत यहां के मंदिरों को भी जोड़ा गया है।
धामी ने कहा कि राज्य की मातृशक्ति अपनी प्रतिभा एवं कौशल से आगे बढ़ रही है। उत्तराखंड राज्य निर्माण में मातृशक्ति का सबसे बड़ा योगदान रहा है। महिलाएं परिवार के साथ ही समाज और प्रदेश हितों का भी ख्याल रखती हैं। विभिन्न महिला समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के मंत्र को धरातल पर उतारने का कार्य कर रहे हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के मंत्र को पूरे उत्तराखंड की बहनों ने आत्मसात किया है।
नून पीस, दाल दल बचपन की यादें ताजा कर गए सीएम
गुनगुनी धूप में मट्ठा पीकर रीप के बेड़ू उत्पादों को सराहा
दिनेश अवस्थी
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने गृह जनपद की जनता के साथ आत्मीयता का संबंध जोड़ गए। उन्होंने जहां स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों की सराहना की वहीं जोश के साथ सीमांत क्षेत्र जाराजिबली का दमाऊं भी बजाया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा मैं त यां को छूं (मैं तो यहीं का हूं)।
मुख्यमंत्री का काफिला दोपहर करीब पौने दो बजे कार्यक्रम स्थल देव सिंह मैदान में पहुंचा। उन्होंने सबसे पहले श्रीराम आरती में हिस्सा लेकर पात्रों पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद विभिन्न विभाग और उद्यमियों के स्टॉल का निरीक्षण किया। प्राइड ऑफ हिमालय के स्टॉल पर सीएम ने सिलबट्टे पर लहसुन, धनिया और मिर्च का नमक पीसा। उन्होंने आंचल डेयरी के स्टॉल पर गुनगुनी धूप में मट्ठा (छाछ) का आनंद उठाया।
इसके बाद उन्होंने कृषि विभाग के स्टॉल पर जतरा (दलनी) में दाल भी दली। इस बीच उन्होंने गांव में बिताए अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि आज पुरानी यादें फिर से तरोताजा हो गईं। ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के स्टॉल पर परियोजना प्रबंधक प्रीतम भट्ट ने मुख्यमंत्री को बेड़ू के उत्पाद जैम और चटनी भेंट की। इस पर सीएम ने ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जैम और चटनी उपहार में दी है। उन्होंने उत्पादों की सराहना कर इन्हें आगे बढ़ाने को कहा। संवाद
भूमिया देवता हवाई सेवा की दैण होया
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री धामी ने नैनीसैनी हवाई पट्टी से नियमित हवाई सेवा शुरू होने और बाधाओं को दूर करने के लिए सैनी गांव स्थित सोरघाटी के भूमिया देवता देवल समेत बाबा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान देव डांगरों ने अवतरित होकर सीएम को आशीर्वाद दिया। सीएम ने भावुक होकर कहा कि द्याप्तो दैण होया, विघ्न बाधान को हरण करिया (देवता विघ्न बाधाओं का हरण करना)। इस मौके पर उनके साथ दर्जा मंत्री गणेश भंडारी और भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी भी मौजूद रहे। संवाद
65 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देव सिंह मैदान में आयोजित दीदी-बैंणा नारी शक्ति महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने 217.28 करोड़ रुपये की 65 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 82.82 करोड़ की 37 योजनाओं का लोकार्पण और 134.45 करोड़ की 28 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि आज जिन 206 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है वह पूरे जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।
ये घोषणाएं कीं
मुख्यमंत्री ने आंवला घाट फेज-2 पेयजल योजना का निर्माण, फगाली गाड़ से पनार पुल तक वैकल्पिक सड़क मार्ग का निर्माण, मोस्टामानू मंदिर का सौंदर्यीकरण, नैनीसैनी से जाजरदेवल तक हॉटमिक्स सड़क और नाली निर्माण कार्य किए जाने की घोषणा की।
आत्मीयता
-मुख्यमंत्री ने धारचूला की दारमा, व्यास घाटियों के वाइब्रेंट विलेज से आई महिलाओं के साथ बागेश्वरी चरखे एवं तकली से ऊन कताई की। साथ ही रांच में पारंपरिक विधि से कालीन भी बनाया।
-सीएम ने माताओं और बहनों को प्रणाम करते हुए कहा कि अपनी जन्मभूमि पिथौरागढ़ में आना मेरे लिए हमेशा भावुक क्षण होते हैं।
-उन्होंने भगवान श्रीराम दरबार की आरती एवं कन्या पूजन भी किया।
-अपने गृह जनपद में स्वागत से गदगद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी और संगठन की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम अच्छा रहा।
-मुख्यमंत्री धामी ने देव सिंह मैदान में आत्मीयता के साथ पहाड़ी भाषा में भाषण दिया।
केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं जो नए भारत की शानदार तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुविधा और सुरक्षा के सिद्धांत पर महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ ही विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं।
समान आचार संहिता लागू करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। साथ ही धर्मांतरण रोकने के लिए भी कानून बनाया गया है। प्रदेश में पहली बार सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने से सरकार पीछे नहीं हटी है। उन्होंने कहा कि हम उत्तराखंड में समान नागरिक आचार संहिता को भी लागू करने की तैयारी कर रहे हैं। संवाद
22 जनवरी का दिन इतिहास में दर्ज होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री ने आदि कैलाश और जागेश्वर धाम के दर्शन किए थे। इससे दोनों जगहों पर पर्यटकों को संख्या बढ़ रही है। प्रधानमंत्री उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों को देश-विदेश में नई पहचान दिला रहे हैं। यह भी कहा कि 22 जनवरी का दिन इतिहास में दर्ज होने जा रहा है। इस दिन श्रीराम मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा होगी। हम सभी के लंबे वर्षों का इंतजार खत्म होगा। संवाद
कुमाऊंनी टोपी व शॉल ओढ़ाकर किया स्वागत
रोड शो के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता जुगल किशोर पांडेय ने मुख्यमंत्री को कुमाऊंनी टोपी पहनाई और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
जोशी के आवास पर जाकर दी सांत्वना
मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी के आवास पर गए। उन्होंने सुरेश जोशी के पिता पंडित श्याम दत्त जोशी के निधन पर दुख जताया और परिवार वालों को सांत्वना दी। संवाद
ये रहे मौजूद
सांसद अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, फकीर राम टम्टा, जिपं अध्यक्ष दीपिका बोरा, राज्य मंत्री गणेश भंडारी, पूर्व मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, प्रमुख सुनीता कन्याल, बबीता चुफाल, विनीता बाफिला, अर्चना गंगोला, महामंत्री राकेश देवलाल, इंदर लुंठी, पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, पूर्व जिपं अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बोहरा, डीएम रीना जोशी, एसपी लोकेश्वर सिंह आदि।
253 उद्यमियों को दिए भूखंड आवंटन के स्वीकृत पत्र
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री ने बिण सिडकुल आस्थान में 253 उद्यमियों को व्यवसायिक भूखंड आवंटन स्वीकृति पत्र भेंट किए। उन्होंने पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन की कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। साथ ही मिलेट निर्मित भिटोली का शुभारंभ भी किया। छह मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, छह अंतरराष्ट्रीय बालिका खिलाड़ियों का सम्मान और तीन जनमन योजना के लाभार्थियों को चेक भी दिए। संवाद
पिथौरागढ़ में रोड शो
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से दोपहर 12 बजे सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्टेडियम में उतरे। इसके बाद मुख्यमंत्री फूलों से सजे वाहन में सवार हुए। मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान ढोल-नगाड़े और छलिया नृतक नृत्य करते हुए चल रहे थे। रोड शो टकाना, केमू, रोडवेज स्टेशन होते हुए कार्यक्रम स्थल देव सिंह मैदान पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह पर लोगों ने मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। संवाद
60 फुट लंबे बैनर के साथ स्वागत
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के पिथौरागढ़ आगमन पर न्यू बियर शिवा स्कूल के बच्चों ने उनका स्वागत किया। निदेशक भुवन भाकुनी ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। बच्चों ने मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए 60 फुट लंबा बैनर तैयार किया था। संवाद
त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढ़ाने की मांग
पिथौरागढ़। उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत संगठन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढ़ाने और राज्य एवं 15वें वित्त के चार बार भुगतान की नवीन प्रणाली पर रोक लगाने की मांग की। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं जिपं सदस्य जगत मर्तोलिया ने मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि सरकार अगर कोई कार्यवाही नहीं करती है तो संगठन आंदोलन करेगा। संवाद