कनालीछीना के पाली गांव में पुस्तकालय का शुभारंभ करते पूर्व पुलिस अधिकारी दिगारी।
- फोटो : PITHORAGARH
कनालीछीना (पिथौरागढ़)। जवाहर नवोदय रुद्रप्रयाग के प्राचार्य कुंडल सिंह दिगारी ने अपने माता-पिता की स्मृति में अपने गांव पाली में पुस्तकालय खोला है। इसमें गांव के बच्चों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें भी उपलब्ध हैं।
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी देवेंद्र सिंह दिगारी और गांव की बुजुर्ग महिलाओं ने मंगलवार को इसका शुभारंभ किया। पुस्तकालय के संरक्षक कुंडल सिंह दिगारी और गोविंद सिंह दिगारी ने कहा कि गांव और कस्बों में पुस्तकालय नहीं हैं। उनका उद्देश्य गांव के बच्चों को गांव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकें उपलब्ध कराना है। गांव के बुजुर्ग और अन्य युवा भी समाचार पत्र सहित साहित्यिक पुस्तकें पढ़ सकेंगे। इससे पढ़ाई का बेहतर वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था की गई है। शीघ्र ही कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा भी दी जाएगी। ग्रामीणों ने उनके इस प्रयास की सराहना की है।