पिथौरागढ़/मुनस्यारी। सीमांत जिले में मलबा और बोल्डर आने से एक सीमा समेत 18 सड़कें बंद हैं। इससे ग्रामीणों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, मुनस्यारी ब्लॉक के ग्राम सभा टांगा के तोक बिंदी में हुई भारी बारिश से गांव के बीचो-बीच हुए भूस्खलन से करीब एक दर्जन परिवारों पर खतरा मंडरा गया है। सूचना पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। टीम के लौटने के बाद ही घटना का वास्तविक पता चल पाएगा।
ग्राम टांगा के तोक बिंदी में भारी बारिश के चलते मंगलवार सुबह करीब छह बजे भूस्खलन हुआ है। बड़ी दरार बनने से भविष्य के लिए खतरा मंडरा रहा है। खतरे की जद में दुर्गा सिंह सुयाल, पुष्कर सिंह सुयाल, त्रिलोक सिंह, कुंवर सिंह, स्व. ललित सिंह फर्स्वाण, केदार सिंह सुयाल, स्व. उमेश सिंह सुयाल, आनंद सिंह, राम सिंह के परिवार हैं। नेटवर्क क्षेत्र से बाहर होने के कारण भी सूचना मिलने में देरी हो रही है।
बता दें कि वर्ष 2019 में ग्राम सभा टांगा में आपदा आई थी। इसमें 11 परिवार बह गए थे। बिंदी क्षेत्र भी आपदा की दृष्टि से अतिसंवेदनशील है। आपदा काल में मोटर मार्ग बंद हो जाता है। ग्रामीण मुश्किल से आवाजाही करते हैं। ग्रामीणों को चार माह के राशन की व्यवस्था पहले ही करनी पड़ती है।
बाक्स
सीमांत जिले में यह सड़कें हैं बंद
पिथौरागढ़। सीमा क्षेत्र की धापा-मुनस्यारी मार्ग चिलमधार के पास बंद है। ग्रामीण क्षेत्र की बांसबगड़-कोटा पंद्रहपाला, खेला-गर्गुवा, पौड़ी-घटकुना, एलागाड़-जुम्मा, मदकोट-तोमिक, होकरा-नामिक, छिरकिला-जम्कू, सोबला-उमचिया, मदकोट-दारमा, डीडीहाट-आदीचौरा-हुनेरा सड़कें भूस्खलन, मलबा और बोल्डर आने से बंद हैं। इनके अलावा रुंग-सिर्खा, तवाघाट-नारायण आश्रम, मातुली-चमडुंगरी, मदकोट-बोना, गिनीबैंड-समकोट, कोटाकांडा-धूरा-मुनस्यारी, झूलाघाट-बलतड़ी, ड्योरा-बारमो सड़कें मलबा आने से बंद हैं। संवाद
बाक्स
बदहाल है तड़ीगांव-साता सड़क
थल। तड़ीगांव-साता सड़क पर कुकरौली और मालासीमा के पास पिछले एक साल से पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है। इससे सड़क दलदल और फिसलन भरी होने के साथ ही संकरी भी हो गई है। वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धिंगतड़ निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद्र जोशी का कहना है कि सुरक्षा दीवार नहीं होने से पिछले एक साल से सड़क पर मलबा पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि लोनिवि ने न तो सड़क पर से मलबा हटाया और न ही सुरक्षा दीवार लगाई हैं। उन्होंने विभाग से मलबा हटाकर दीवार लगाने की मांग की है। संवाद