काशीपुर से पिथौरागढ़ रिश्तेदारी में आए एक रिटायर्ड स्वास्थ्य निरीक्षक डीडी खत्री को सोमवार की रात सिमलगैर मोहल्ले में लूट लिया। एक युवक ने उनकी जेब से सात हजार रुपए निकाल लिए और मौके से फरार हो गया। इस इलाके में इससे पहले भी दो लोगों के साथ इसी तरह की घटना हो चुकी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
काशीपुर के न्यू आवास विकास कालोनी सी-137 निवासी डीडी खत्री के भाई का परिवार पिथौरागढ़ के सिमलगैर में रहता है। वह भाई के यहां आए हुए थे। सोमवार रात डीडी खत्री घर के पास अकेले खड़े थेे तभी एक युवक ने धक्का देकर उन्हें गिरा दिया। उनके गिरते ही युवक ने उनकी जैकेट की जेब से सात हजार रुपये जबरन निकाले और भाग निकला। अंधेरा होने की वजह से डीडी खत्री युवक को ठीक से पहचान नहीं पाए। घटना की जानकारी खत्री के भतीजे सुशील खत्री ने कोतवाली पुलिस को दी। उपनिरीक्षक विमल मिश्रा मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग भी आ गए लेकिन लुटेरे का कहीं पता नहीं चल पाया। आज भी पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश जारी रखी। दो युवकों को शक के आधार पर थाने लाया गया लेकिन बाद में छोड़ दिया।