एसएसबी की टीम ने बाघ की खाल और हड्डियों समेत नेपाल तस्कर को गिरफ्तार किया है। वह खाल को भारतीय क्षेत्र में बेचने ला रहा था। एसएसबी ने तस्कर को खाल और हड्डियों समेत धारचूला पुलिस के हवाले कर दिया है। खाल की लंबाई करीब सात फीट और हड्डियों का वजन करीब चार किलो है। टीम ने बताया कि बाघ की खाल को सावधानीपूर्वक सर्जरी कर निकाला गया था, क्योंकि सिर से लेकर पूंछ तक खाल पूरी तरह सुरक्षित है।
एसएसबी के अधिकारियों को सोमवार रात सूचना मिली थी कि एक नेपाली तस्कर बाघ की खाल के साथ भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है। उसे पकड़ने के लिए एसएसबी के सहायक सेनानी विकासदीप सिंह के नेतृत्व में सात जवानों की टीम ने धारचूला और खोतिला के बीच गश्त तेज कर दी। रात में गोतखोला पैदल पुल के पास एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। एसएसबी की टीम से उसे रोक कर जब बैग की तलाशी ली तो बाघ की एक खाल और हड्डियां मिलीं। पूछताछ में उसने अपना नाम मदन राम निवासी बजांग नेपाल बताया। तस्कर ने यह नहीं बताया कि बाघ की हत्या कहां पर की गई थी। एसएसबी ने खाल-हड्डी समेत तस्कर को पुलिस को सौंप दिया। अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि बाघ की खाल भारत में कहां पहुंचाई जानी थी।