फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैलास यात्रा मार्ग का जायजा लेने टीम रवाना

Mon, 18 Apr 2016 10:15 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
कैलास यात्रा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कैलास मानसरोवर और छोटा कैलास यात्रा मार्ग का जायजा लेने के लिए सोमवार को कुमाऊं मंडल विकास निगम की टीम रवाना हो गई है। आठ सदस्यीय यह टीम कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर बूंदी से लेकर नाभीढांग तक और छोटा कैलास यात्रा मार्ग पर गुंजी से लेकर ज्योलिंगकांग तक स्थित पड़ावों का निरीक्षण करेगी। एक सप्ताह बाद टीम लौटेगी और निगम के प्रबंध निदेशक को रिपोर्ट देगी।
विज्ञापन


सोमवार को यह टीम पिथौरागढ़ से आधार शिविर धारचूला को रवाना हुई। टीम में निगम के अवर अभियंता गिरीश भट्ट, जीवन पुनेठा, इलैक्ट्रीशियन प्रकाश कुमार, प्लंबर देवबहादुर थापा के अलावा कुछ मजदूर भी हैं। यह टीम पड़ावों में पानी की व्यवस्था, प्रकाश की व्यवस्था आदि का निरीक्षण करेगी। यदि किसी पड़ाव में मरम्मत की जरूरत होगी तो उसे भी किया जाएगा। यात्रा मार्ग पर बर्फ की मात्रा, टूटे हुए रास्तों की रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।

निगम के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया ने बताया कि एक सप्ताह में यह टीम लौटेगी। टीम से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर ही अगली तैयारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा की तैयारी के लिए यह निगम का प्रारंभिक प्रयास है। अगले चरण में यात्रा पड़ावों को सामान की सप्लाई होने लगेगी। इधर, जानकारी मिली है कि इस बार यात्रा मार्ग में बर्फ की मात्रा बहुत कम है और पड़ावों को भी ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है। ऐसे में यात्रा संचालन में फिलहाल कोई दिक्कत नहीं आएगी।
विज्ञापन


जिला प्रशासन भी तैयारी में लगा
पिथौरागढ़। कैलास यात्रा की तैयारी जिला प्रशासन अपनी ओर से अलग से करता है। यात्रा मार्ग पर जिला प्रशासन भी मेडिकल टीम उपलब्ध कराता है। डॉक्टर और फार्मेसिस्ट इसमें तैनात किए जाते हैं। होमगार्डों की भी ड्यूटी लगाई जाती है। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने बताया कि जल्द ही विभिन्न विभागों की बैठक कर यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।

कैलास यात्रियों के स्वागत को लगेगी प्रदर्शनी
धारचूला (पिथौरागढ़)। नगरपालिका ने जून में शुरू होने वाली कैलास यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वागत के लिए रं संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी लगाने का फैसला लिया है। प्रदर्शनी में रं समाज में प्रचलित संस्कृति, खानपान, जीवनशैली, कृषि, परंपराओं की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए नगरपालिका पांच स्थानों पर बड़े टीवी लगाएगा। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी डीके तिवारी ने बताया कि केएमवीएन के आधार कैंप में यात्रियों को रं संस्कृति की जानकारी देने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। इसी कारण नगरपालिका ने यह बीड़ा उठाया है। नगरपालिका अध्यक्ष दशरथी खैर के निर्देश पर रास्तों में सोलर लाइट लगा दी गई हैं, यदि रात के समय बिजली गुल हो भी जाएगी तो यात्रियों को सोलर लाइट से नगर को देखने का मौका मिल जाएगा। धारचूला नगर में तीन प्रवेश द्वारों का निर्माण पहले ही किया जा चुका है, इनमें धारचूला के प्रमुख पर्यटन स्थलों का ब्योरा दिया गया है। यात्रा सीजन में सफाई पर विशेष ध्यान रहेगा। पॉलिथीन की थैलियों पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। इस व्यवस्था को बनाने में सभासद राजेंद्र गर्ब्याल, नृप सिंह गर्ब्याल, इरशाद अहमद, अरविंद वाल्मीकि, राधा मर्तोलिया, रजनी ग्वाल, मालती देवी, लक्ष्मी रायपा, नंदा बिष्ट, मोहन कुंवर, भूरे सिंह, राकेश दयाल आदि सहयोग कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें