पिछले साल सितंबर में मुनस्यारी में आयोजित माउंटेन ट्रेल बाइकिंग के दौरान मिले रिस्पांस से प्रेरित होकर वन विभाग ने इस बार भी माउंटेन ट्रेल बाइकिंग कराने का फैसला लिया है। सोमवार से यहां डांडाधार में स्थानीय युवाओं का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। पहाड़ियों पर साइकिल चलाने के लिए कुछ नए रास्ते भी इस बार तैयार किए जाएंगे। पिछले साल माउंटेन ट्रेल बाइकिंग में विदेशी प्रशिक्षक शामिल हुए थे। उन्होंने तब यह कहा था कि इस प्रतियोगिता के लिए स्थानीय स्तर पर नौजवान तैयार किए जाएंगे।
प्रशिक्षण देने के लिए तमिलनाडु से यहां पहुंचे माइकल ने बताया कि पिछले साल स्थानीय युवाओं ने प्रतियोगिता को लेकर खासा रुचि दिखाई थी। माउंटेन ट्रेल बाइकिंग के समय दस गियर वाली साइकिल को पहाड़ी रास्तों पर चलाया जाता है। यह रोमांचित करने वाली प्रतियोगिता होती है। मोनाल संस्था के सचिव सुरेंद्र पंवार प्रशिक्षण में सहयोग दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक महीने तक प्रशिक्षण चलेगा। उसके बाद माउंटेन ट्रेल बाइकिंग की तिथि तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार स्थानीय युवाओं को ही प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा। साइकिलिंग को वह पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी बताते हुए कहते हैं कि यदि अधिक से अधिक लोग साइकिल का प्रयोग करें तो पहाड़ को प्रदूषण से पूरी तरह मुक्त किया जा सकता है। पिछले साल लाई गई सभी साइकिल यहीं पर संभालकर रखी गई हैं।