धारचूला के ऐलागाड़ में जुम्मा के आपदा पीड़ित को चेक सौंपते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित क्षेत्र जुम्मा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपदा में मृत व्यक्तियों के परिजनों को सरकार की ओर से चार लाख और मुख्यमंत्री राहत कोष से एक-एक लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह के लिए हवाई सेवा को बढ़ाया जाएगा। जरूरत पड़ी तो आगे भी हवाई सेवा को बढ़ाया जाएगा।
मंगलवार को धारचूला पहुंचे सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रति मृतक चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मृतकों को सीएम आर्थिक सहायता कोष से एक लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने आपदा प्रभावितों को आश्वस्त कराते हुए कहा कि सरकार इस दु:ख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उनकी हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने आपदा में अकाल मृत्यु का ग्रास बने जोगा सिंह की तीन बेटियों की मौत पर शोक जताते हुए आर्थिक सहायता के चेक देकर भविष्य में भी हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने आपदा प्रभावितों को भरोसा दिया कि किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
नैनीसेनी से हवाई सेवा शुरू करने के जारी हैं प्रयास : सीएम
धारचूला पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार नैनीसेनी हवाई पट्टी से नियमित हवाई सेवा शुरू करने के लिए प्रयासरत है। शीघ्र ही हवाई सेवा शुरू कर दी जाएगी। सीमांत में हवाई सेवा शुरू होने से पर्यटन व्यवसाय को पंख लगेंगे। साथ ही सीमांत के लोगों को नियमित हवाई सेवा का लाभ भी मिलेगा।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए एक माह तक बढ़ाई हेलीकॉप्टर सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 अगस्त तक आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा दी थी, अब आपदा को देखते हुए एक माह के लिए इसे बढ़ाया जाएगा। जरूरत पड़ेगी तो आगे भी हवाई सेवा को बढ़ाया जाएगा।