कनालीछीना में नए तहसील भवन का निरीक्षण करते डीएम आशीष भटगाईं। स्रोत : सूचना विभाग
पिथौरागढ़। कनालीछीना में मुख्य बाजार से दो किलोमीटर दूर कुलान में 2.36 करोड़ की लागत से नए तहसील भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है लेकिन इस भवन में तहसील का संचालन शुरू न होने से यह जर्जर हो रहा है। लोग अस्पताल भवन में संचालित तहसील में बदहाल व्यवस्थाओं की मार सह रहे हैं। डीएम आशीष भटगाईं ने तहसील परिसर में अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए इन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
शनिवार को डीएम ने नवनिर्मित तहसील भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने अब तक भवन का संचालन शुरू न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि तहसील भवन पूर्ण रूप से तैयार होने के बावजूद एप्रोच रोड एवं पार्किंग का कार्य अधूरा है। इस कारण तहसील भवन का उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को जल्द कार्य पूर्ण कर इसमें तहसील संचालन शुरू करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि यदि तय समय पर कार्य पूरे नहीं हुए तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। बता दें कि दो साल पहले तहसील के नए भवन के बनने का कार्य शुरू हुआ था जो अब तक पूरा नहीं हो सका है। वहां एसडीएम खुशबू पांडे, तहसीलदार राम प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निर्माण सामग्री की होगी जांच, लिए सैंपल
डीएम ने तहसील में हो रहे कार्यों में उपयोग में लाई जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने अधिकारियों को सरिया, सीमेंट और रोड़ी की जांच करने के निर्देश दिए। मौके पर ही निर्माण सामग्री के सैंपल लिए गए। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कमी मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।