पिथौरागढ़। हेलिकॉप्टर सेवा के लिए सीमांत के लोगों को सात मई तक इंतजार करना पड़ेगा। पहले 27 से 30 अप्रैल तक हेलिकॉप्टर के मेंटेनेंस पर जाने की सूचना मिली थी, लेकिन अब हेली की मेंटेनेंस में सात मई तक का समय लग सकता है। ऐसे में यात्रियों को अन्य वाहनों से पंतनगर और देहरादून की यात्री करनी होगी।
हेलिकॉप्टर के मेंटेनेंस पर जाने की सूचना के बाद विभिन्न संगठनों के लिए इसके संचालन पर संशय करने लगे हैं। लोगों का कहना है कि पहले धुंध के कारण हेली देहरादून से पिथौरागढ़ नहीं आया। अब कंपनी सात मई तक हेली मेंटेनेंस की बात कह रही है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी बंद कर दी गई है। कंपनी को स्पष्ट करना चाहिए कि मेंटेनेंस कब तक पूरा होगा। अब सीमांत की जनता को पूरे 11 दिन तक हेली सेवा के संचालन के लिए इंतजार करना होगा। हालांकि लोगों ने कहा कि अगर हेली कंपनी पिथौरागढ़ के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग सात मई तक शुरू नहीं करती है तो नैनीसैनी हवाई पट्टी से हेली संचालन पर सवाल उठना स्वाभाविक है। पवन हंस कंपनी के प्रभारी कविंद्र कुमार ने बताया कि सात मई तक हेली के मेंटेनेंस में जाने की जानकारी उच्च अधिकारियों से मिली है।
हेली सेवा संचालन के लिए सरकार को भी पहल करनी चाहिए। सात मई तक मेंटेनेंस पर जाने से हेली सेवा के संचालन पर सवाल उठने लगा है। पहले तो हेली संचालन लोगों के लिए महंगा है। अब मेंटेनेंस में अचानक जाने से संशय होने लगा है। कंपनी को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर कब तक मेंटेनेंस का काम पूरा होगा। - मुकेश पंत, पूर्व जिलाध्यक्ष, कांग्रेस।