नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत। संवाद
पिथौरागढ़। जन-जन को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिले इसके लिए प्रदेश सरकार ने 1376 नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्ति दी है। 98 नर्सिंग अधिकारी पिथौरागढ़ जिले को मिले हैं। इनमें से 77 को नियुक्ति पत्र दिए। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नर्सिंग कॉलेज सभागार में नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में जल्द ही नर्सिंग, वार्ड बाॅय, तकनीशियन सहित विभिन्न पदों पर 11 हजार से अधिक नियुक्तियां की जाएंगी।
बुधवार को नर्सिंग कॉलेज सभागार में आयोजित नर्सिंग अधिकारियों को रोजगार नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में पहुंचे मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने उपस्थित नर्सिंग अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब आपकी नई पारी शुरू हो गई है। उन्होंने पूरे मनोभाव से अपनी सेवाएं जनता को उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। अभी प्रदेश में लगभग तीन हजार और लोगों को नर्सिंग अधिकारियों के पद पर नियुक्ति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन है। संचालन के लिए पद भी स्वीकृत कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों से सेवाभाव और मनोभाव के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। वहां ब्लॉक प्रमुख धन सिंह धामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोमल मेहता, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत, वीरेंद्र सिंह बोहरा, इंदर लुंठी, मनोज सामंत, सीएमओ एचएस ह्यांकी, संयुक्त निदेशक चिकित्सा डॉ. एनसी पंत आदि थे।