शासन ने धारचूला से गुंजी और गर्ब्यांग के लिए हेलीकॉप्टर के किराए में कुछ कमी की घोषणा तो की है, लेकिन इससे लोगों को राहत मिलने वाली नहीं है। शासन ने एक तरफ का एक व्यक्ति का किराया 5000 रुपये घटाकर 3500 रुपये करने का ऐलान तो कर दिया है पर इस राशि में जीएसटी लगने पर एक व्यक्ति को 3920 रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है।
धारचूला से गुंजी और गर्ब्यांग तक शासन ने फिर से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की है। अधिक किराये के मुद्दे को धारचूला के लोगों ने वित्त मंत्री प्रकाश पंत के सामने उठाया तो मंत्री ने 24 घंटे के भीतर किराया कम करने का आदेश जारी कर दिया। प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर सेवा के संचालन के लिए नियुक्त सहायक खाद्य निरीक्षक पुष्कर सिंह बोनाल ने बताया कि शासन ने किराया 3500 रुपये कर दिया है, लेकिन इसमें जीएसटी की 12 प्रतिशत की राशि जुड़ने के बाद किराया 3920 रुपये हो जाएगा।
इधर, गुंजी की प्रधान अर्चना देवी, गर्ब्यांग की प्रधान पुष्पा देवी और नपलच्यू की प्रधान गंगोत्री देवी ने सोमवार को सीएम को संबोधित पत्र एसडीएम को सौंपा। इसमें मांग की गई है कि किराए की राशि जीएसटी लगाकर 2500 रुपये से अधिक न की जाए। किराया कम होने पर आम लोग हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठा सकेंगे। उधर, मालपा में टूटे हुए रास्ते की मरम्मत का काम 15 अक्तूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। पैदल रास्ता दुरुस्त होने तक शासन हेलीकॉप्टर सेवा जारी रखने के पक्ष में है।