जिले भर में जमीन के सर्किट रेट को नए सिरे से तय करने की कोशिश शुरू हो गई है। वर्तमान सर्किल रेट से असहमति जताते हुए बार संघ और नागरिकों के विरोध किया था, जिसके बाद आज शनिवार को एसडीएम अशोक जोशी, पारितोष वर्मा और नरेश दुर्गापाल ने राजस्व कर्मचारियों के साथ बैठक कर नए रेट तय करने की तैयारी शुरू कर दी है। अलबत्ता नए सर्किल रेट जिला अधिकारी की संस्तुति के बाद ही लागू हो सकेंगे।
प्रभारी जिला अधिकारी अशोक जोशी ने बताया कि वर्तमान में पूरे जिले में जमीन के रेट निर्धारण में सड़क से दूरी की अनिवार्यता नहीं की गई थी। इसको लेकर स्थानीय जनता और बार संघ ने सर्किल रेट में सड़क को आधार बनाने की मांग करते हुए डीएम को ज्ञापन भी सौंपा था। उनका कहना था कि सर्किल रेट में सड़क की अनिवार्यता नहीं होने जमीन के मूल्य निर्धारण में विषमता हो रही है, जिसके बाद प्रशासन ने अब सड़क से 50 मीटर दूर के सर्किल रेट अलग और इससे अधिक दूरी के अलग रेट निर्धारित करने को माथापच्ची शुरू कर दी है। बैठक में तहसीलदार बीएस रौतेला, हर सिंह रजवार, ख्याली राम, जगदीश गिरी, रमेश वर्मा, राजेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।