इस तहसील के दरकोट गांव में शनिवार को उपजिलाधिकारी केके मिश्रा की ओर से लगाए गए जनता दरबार में लोगों ने तमाम समस्याएं उठाई गईं। ज्यादातर लोगों ने इंदिरा आवास का पैसा दिलाने, पेंशन योजना का लाभ देने, बीपीएल राशन कार्ड बनाने की मांग की। एसडीएम ने कहा कि पात्र लोगों का चयन करने के बाद ही इन योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
उपजिलाधिकारी अपने साथ लोनिवि, बीआरओ, जल संस्थान, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग के कर्मचारियों को लेकर दरकोट गांव पहुंचे थे। लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। गांव के लोगों ने धापा से मिलम के लिए बन रही सड़क के कारण पेयजल लाइनों को हो रहे खतरे की जानकारी दी। एसडीएम ने बीआरओ के अधिकारियों से कहा कि यदि कहीं पर योजना को नुकसान पहुंचता है तो तत्काल उसे ठीक कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर की समस्याओं का तत्काल समाधान होगा, जबकि शासन स्तर की समस्याओं को शासन के पास भेजा जाएगा।
एसडीएम ने कहा कि आवास, पेंशन, राशनकार्ड बनाने के लिए पात्रता की जांच की जाएगी। जो लोग इस श्रेणी में आएंगे, उनको जरूर इन योजनाओं का लाभ मिलेगा। गांव के भूपेंद्र धर्मशक्तू, रमेश पांगती, हीराचंद भट्ट आदि ने गांव में जनता दरबार लगाने पर आभार जताया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी विक्रम चंद, थाना प्रभारी हरेंद्र नेगी, तहसीलदार खुशाल राम, राजस्व निरीक्षक जय सिंह पाल, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. हेमंत मर्तोलिया, खाद्य निरीक्षक अजय बुदियाल समेत तमाम लोग थे।