चीन सीमा काे जोड़ने वाले सोबला-ढांकर सड़क पर आए ग्लेशियर को हटाती पोकलेन। संवाद
धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा को जोड़ने वाली सोबला-ढांकर सड़क ग्लेशियर खिसकने से बंद हो गई है। बीआरओ सड़क खोलने में जुटा हुआ है। तीन दिन में सड़क खुलने की उम्मीद है।
धारचूला की दारमा घाटी की सोबला-ढांकर सड़क में सेला से बालिंग के बीच लगभग तीन स्थानों पर ग्लेशियर ने वाहनों की राह रोक दी है। गलछिन में भी लगभग 10 मीटर लंबा ग्लेशियर बीच सड़क पर आया है। इस समय दारमा घाटी के गांवों के लोग माइग्रेशन पर धारचूला आए हैं इसलिए आम जनमानस प्रभावित नहीं है।
हालांकि सड़क बंद होने से सीमा सुरक्षा में तैनात जवानों को असुविधा हो रही है। बीआरओ कर्मी सड़क खोलने में जुटे हैं। बीआरओ 67 आरसीसी के जेई प्रदीप बेनीवाल के नेतृत्व में बर्फ हटाने का काम चल रहा है। बीआरओ के अधिकारियों के अनुसार सड़क अगले तीन दिन में खुलने की उम्मीद है। उधर, व्यास घाटी की सड़क गुंजी तक खुली है। गुंजी-ज्योलिंगकांग सड़क के बीच में पड़ने वाले नालों में ग्लेशियर बने हुए हैं। इससे नाबि गांव से आगे वाहनों का संचालन नहीं हो रहा है।