पिथौरागढ़। धारचूला के विधायक हरीश धामी ने कोरोना से लड़ने के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने धारचूला और मुनस्यारी में मिनी ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए 90 लाख रुपये समेत दवा, ऑक्सीमीटर, मास्क, सैनिटाइजर, मेडिकल किट के लिए 40 लाख रुपये जारी किए हैं।
विधायक धामी मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां डीएम, सीडीओ, सीएमओ आदि अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कोविड से लड़ने के लिए यह घोषणा की। कहा कि मदकोट में 12 कमरों के होटल को चिकित्सा कर्मियों और 28 कमरों के होटल को कोविड अस्पताल बनाने के लिए दिया है।
28 कमरों के इस होटल में कोविड रोगियों के लिए 200 बेड लग सकते हैं। उन्होंने सीडीओ कार्यालय जाकर विधायक निधि से 1.30 करोड़ रुपये जारी किए। विधायक धामी ने कहा कि धारचूला नेपाल सीमा से सटा है। ऐसे में यहां पर संक्रमण फैलने का डर अधिक है।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ऑक्सीमीटर, मेडिकल किट, दवा, मास्क, सैनिटाइजर आदि बांटा जाएगा। जनस्वास्थ्य संबंधी सभी जरूरी कार्य किए जाएंगे। कुछ समय पूर्व विधायक धामी की पुत्री का निधन हुआ है। अभी उनकी 13वीं भी नहीं हुई है। इसके बावजूद धामी जनसेवा के लिए आगे आ गए हैं। लोगों ने विधायक धामी के प्रयासों की सराहना की है।