पिथौरागढ़ के गांधी चौक में धरना देते मोर्चा के सदस्य। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
विकास प्राधिकरण के खिलाफ संयुक्त संघर्ष समिति मोर्चा ने गांधी चौक में धरना दिया। इस अवसर पर मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि प्राधिकरण के कारण पर्वतीय क्षेत्र की जनता परेशान है। सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है।
मंगलवार को संयुक्त संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष मोहन चंद्र भट्ट के नेतृत्व में धरना स्थल पर आयोजित सभा में कहा कि सरकार ने पहाड़ की जनता के ऊपर जबरन प्राधिकरण थोपा है। सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में विकास प्राधिकरण के नाम पर जनता को परेशान कर रही है।
विकास प्राधिकरण के कारण भवन निर्माण सहित सभी तरह के निर्माण कार्य कठिन हो गए हैं। लोगों को चालानी कार्रवाई झेलनी पड़ रही है। लगातार आवाज उठाने के बावजूद प्राधिकरण के नियमों में ढील नहीं दी जा रही है। नवचेतना मंच के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश पुनेड़ा ने कहा जनता की समस्या को अनसुना किया जा रहा है। बिना मास्टर प्लान के विकास प्राधिकरण का कोई औचित्य नहीं है। भौगोलिक आधार पर पर्वतीय क्षेत्र में मास्टर प्लान संभव नहीं है।
कहा कि विकास प्राधिकरण का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। इस अवसर पर कैलाश पुनेठा, महादेव भट्ट, प्रेम सिंह बिष्ट, लालू राम, जगदीश, विजेंद्र भट्ट, आलोक चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे।