पिथौरागढ़। सेना में नौकरी लगाने के नाम पर महिला से 50 रुपये की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद महिला को रुपये वापस कराए। पिछले महीने 24 जनवरी को डीडीहाट कोतवाली में दी तहरीर में महिला ने कहा कि एक व्यक्ति ने फेसबुक के जरिए जान पहचान बनाकर उसके बेटे को फौज में नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। तहरीर के आधार पर कोतवाली डीडीहाट में धारा 420 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने ठगी के आरोपी का साइबर सेल की मदद से पता लगाया। आरोपी प्रकाश उनियाल निवासी टिहरी गढ़वाल को हिरासत में लेकर धारा 41क सीआरपीसी का नोटिस दिया। आरोपी ने महिला के खाते में रुपये वापस कर दिए हैं। संवाद
-
45 बाहरी लोगों का सत्यापन
पिथौरागढ़। पुलिस ने जिले भर में अभियान चलाकर 45 बाहरी लोगों का सत्यापन किया। एसपी लोकेश्वर सिंह का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले भर में सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। बिना सत्यापन के रहने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद
-
नशे की हालत में वाहन चलाने पर तीन चालक गिरफ्तार
पिथौरागढ़। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में तीन वाहन चालकों को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया। पुलिस वाहन चालकों के डीएल निरस्तीकरण की कार्रवाई कर रही है। थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले शुभम चंद और महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर दोनों के वाहनों को सीज किया। प्रभारी निरीक्षक थाना बेड़ीनाग उमराव सिंह ने चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने पर वाहन चालक आनंद सिंह को गिरफ्तार कर वाहन सीज किया। जिले भर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने और मिशन मर्यादा में 94 लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। संवाद
-
नेपाल पुलिस ने 16 पेटी बीड़ी पकड़ी, दो गिरफ्तार
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। भारत से अवैध रूप से नेपाल ले जाई गई 16 पेटी बीड़ी, 126 जोड़ी चप्पल समेत दो व्यक्तियों को नेपाल के बैतडी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सदबाज चौराहे के खुचलेक में बझांग के बुंगल नगरपालिका के पास पुलिस ने बीर बहादुर बोहरा और पुष्कर बोहरा को बोलेरो पिकअप सहित पकड़ा। पकड़े गए सामान को जूलाघाट भंसार कार्यालय को भेज दिया गया है। भंसार कार्यालय अधीक्षक अनील झा ने बताया कि 16 पेटी भारतीय घोड़ा बीड़ी का मूल्य 2,44,800 और 126 जोड़ी चप्पल का मूल्य 12,600 लगाया गया है। संवाद