पिथौरागढ़। नैनीसैनी हवाई पट्टी से नियमित हवाई सेवा, बेस अस्पताल शुरू करने समेत अन्य मांगों को लेकर विधायक मयूख महर का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, कपकोट विधायक ललित फर्स्वाण ने धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया।
धरना स्थल पर विधायक महर ने कहा कि सीएम को बेस अस्पताल और हवाई जहाज उड़ाने की तिथि तय कर प्रेस को अपना बयान जारी करना चाहिए। कहा कि जन हित की मांगों को लेकर धरना चाहे कितने दिन भी चले वह डटे रहेंगे। पूर्व सांसद टम्टा ने कहा कि सरकार जनहितों की अनदेखी कर रही है। आंदोलन को विभिन्न संगठनों का समर्थन मिल रहा है।
रविवार का दिन होने के बावजूद काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के लोग आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे। जेक फिलिप्स देवभूमि जन संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस विधायक के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजु लुंठी, पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर, राम सिंह बिष्ट, शिवराज सिंह अधिकारी, जगत सिंह खाती, जीवन चंद्र जोशी, दीपक जोशी, हेमा साही, नारायण राम कोहली, प्रकाश भंडारी, दीपक लुंठी आदि मौजूद रहे।
उम्मीद थी सीएम कोई ठोस बात कहेंगे, सभी हताश और निराश हैं
पिथौरागढ़। धरना दे रहे विधायक मयूख महर ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी से जब उनकी फोन पर बात हुई थी तो उन्होंने मांगों को लेकर आश्वस्त किया था। हमारे साथ-साथ सभी को उम्मीद थी कि हवाई सेवा और बेस अस्पताल के संचालन को लेकर तिथि की घोषणा की जाएगी।
कहा कि हम सभी बड़ी उम्मीद में थे कि सीएम काेई ठोस बात कहेंगे। जब समाचार पत्र पढ़े तो निराशा हुई। उन्होंने वही घूमी घुमाई बातें कही हैं। सभी सीमांत की जनता हताश और निराश है। जब इस जिले के सीएम ही अपने गृह जनपद की सुध नहीं ले रहे हैं तो औरों से क्या उम्मीद करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल बात करती है। कांग्रेसी बड़ा धैर्य रखते हैं। धैर्य के साथ इंतजार भी कर रहे हैं। जिस दिन भी सीएम विमान सेवा शुरू करने के लिए तिथि, माह और वर्ष की घोषणा कर देंगे वह अपना धरना समाप्त कर देंगे।