पिथौरागढ़ में इस तरह धधक रहे हैं जंगल।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। सीमांत जिले में जंगलों में आग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। फायर सीजन में आग की 74 घटनाओं में 115.50 हेक्टेयर जंगल जल गया है। वन विभाग की टीम आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
सीमांत जिले के बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, मूनाकोट, कनालीछीना, अस्कोट, धारचूला आदि क्षेत्रों में अधिकतर जंगलों में आग लगी है। आग के कारण रोज करोड़ों की वन संपदा जल रही है। आग के कारण जंगलों के पेयजल स्रोत भी खूख रहे रहे हैं। इससे जंगली जानवरों को भी दिक्कत हो रही है। इससे चिंतित लोगों ने वनों को आग से बचाने के लिए हरसंभव उपाय करने की मांग की है।
मड़मानले क्षेत्र में लगी आग शनिवार को आग ध्वज मंदिर तक पहुंच गई। ध्वज मंदिर के पास आग के पहुंचने से वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा है। कनालीछीना विकासखंड के गोर्वसा, ख्वांकोट सहित कई हिस्सों में जंगल आग से धधक रहे हैं। मूनाकोट विकासखंड मजिरकाड़ा, भटेड़ी क्षेत्र में भी जंगल जल रहे हैं। डीएफओ कोको रोसे का कहना है कि आग की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आग की घटनाओं की जानकारी मिलते ही तुरंत टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। उन्होंने लोगों से जंगलों में आग न लगाने और जंगलों में आग लगाने वालों की सूचना वन विभाग को देने की अपील की है।