पिथौरागढ़ कोतवाली में मणिशंकर अय्यर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते भाजपा कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्द का प्रयोग करने वाले कांग्रेस के निष्कासित नेता मणि शंकर अय्यर के खिलाफ पिथौरागढ़ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। मनोज प्राथमिकी दर्ज कराने भाजपा नेताओं के साथ कोतवाली पहुंचे।
कोतवाली प्रभारी को सौंपी तहरीर में मनोज कुमार ने कहा कि कांग्रेस नेता अय्यर ने सार्वजनिक तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। अय्यर का प्रधानमंत्री को अपशब्द कहना अनुसूचित जाति, जनजाति के उत्पीड़न की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि अय्यर के खिलाफ जातिसूचक शब्द कहने और मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाए। कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मामले की जांच कराई जा रही है। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री गिरीश जोशी, विरेंद्र शाह ठुलघरिया, अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री अर्जुन प्रसाद, उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद, होशियार राम, जगत मर्तोलिया, हरी राम, गोविंद प्रसाद आदि मौजूद थे।