डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट में सीबीएसई के अधीन संचालित उत्कृष्ट विद्यालय में गणित, हिंदी, संस्कृत, भूगोल जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं हैं। छात्र-छात्राएं यहां प्रवेश लेने से हाथ पीछे खींच रहे हैं और इसमें छात्र संख्या लगातार घट रही है। एक साल के भीतर 17 छात्र-छात्राओं ने इस विद्यालय को छोड़कर अन्यत्र प्रवेश लिया है।
डीडीहाट के जीआईसी को भी सीबीएससी की मान्यता देते हुए इसे अटल उत्कृष्ट विद्यालय का दर्जा दिया गया। फिर भी यहां शिक्षा व्यवस्था नहीं सुधर सकी है। विभाग यहां शिक्षकों की तैनाती करना भूल गया।
यहां वर्ष 2021 से संस्कृत, 2023 से गणित और हिंदी, 2024 से भूगोल विषय के प्रवक्ता नहीं हैं। शिक्षकों की तैनाती न होने से अभिभावकों ने अपने बच्चों के भविष्य को लेकर इन्हें यहां भेजने से परहेज किया तो छात्र संख्या भी घट गई है। पिछले शिक्षा सत्र यहां छात्रसंख्या 223 थी जो अब घटकर 206 रह गई है।
लंबे समय से अभिभावक और विद्यार्थी यहां प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग कर रहे हैं लेकिन तैनाती नहीं हो रही है। अभिभावकों और बच्चों में सरकार और विभाग के खिलाफ गुस्सा है।