महाविद्यालय के प्राचार्य पुस्तकालय एवं बुक बैंक प्रभारी और सदस्यों के साथ। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पीजी कॉलेज पिथौरागढ़ के शोध शिक्षकों और छात्रों के लिए ई लाइब्रेरी के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है। लाइब्रेरी में 10 अलग-अलग चैंबर बनाए जाएंगे। इनमें इंटरनेट से जुड़े कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध होंगे। ई लाइब्रेरी से शोधार्थियों को शोध कार्य करने में सुगमता होगी।
पिथौरागढ़ महाविद्यालय के 60 शोधार्थी लंबे समय से ई लाइब्रेरी खोलने की मांग कर रहे थे। इस पर प्राचार्य डॉ.अशोक नेगी की अध्यक्षता में महाविद्यालय के सैन्य विज्ञान विभाग में बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कहा कि ई लाइब्रेरी विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की ओर से प्रस्तावित कार्य होने के साथ नैक की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। वक्ताओं ने कहा कि शोध छात्रों को नेट की सुविधा और प्लेगरिज्म की जांच में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ई लाइब्रेरी से सुगमता होगी और इस तरह की समस्याएं नहीं रहेंगी। ई लाइब्रेरी की स्वीकृति पर सभी सदस्यों ने प्राचार्य डॉ.नेगी का आभार जताया।
बैठक में पुस्तकालय एवं बुक बैंक प्रभारी डॉ.एमएम गुरुरानी, डॉ.डीके उपाध्याय, सिसको प्रभारी डॉ. देवेंद्र कुमार, वाचनालय प्रभारी डॉ.एमएम गुरुरानी, सदस्य डॉ.वशुंधरा उपाध्याय, डॉ.एससी जोशी, संजेश कुमार, डॉ.अरुणेश चतुर्वेदी, डॉ.भानु प्रताप गौतम, इंचार्ज पुस्तकालय मनोज मेहता आदि मौजूद रहे।
महाविद्यालय की लाइब्रेरी में ई लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है। इस समय महाविद्यालय में 60 शोधार्थी हैं। शीघ्र ही शोधार्थियों को ई लाइब्रेरी का लाभ मिलने लगेगा। - डॉ. अशोक नेगी, प्राचार्य पीजी कॉलेज पिथौरागढ़