छह माह से चल रहे गंगोलीहाट-राईआगर सड़क पर चौड़ीकरण के काम के चलते दशाईथल बाजार में जमकर धूल उड़ रही है, जिससे व्यापारियों के साथ ही आम लोग परेशान हैं। दशाईथल के व्यापारियों ने धूल से निजात दिलाने की मांग करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
कहा कि दशाईथल मुख्य बाजार पर सड़क की खुदाई का कार्य किया जा रहा है, जिससे बाजार में काफी धूल हो रही है। संबंधित ठेकेदार से सड़क पर पानी छिड़काव के लिए कहा गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बाजार में बने खाद्य पदार्थ और दुकानों में रखा सामान धूल से खराब हो रहा हैं। इन लोगों ने एसडीएम से विभाग और ठेकेदार को सड़क पर पानी का छिड़काव करने के लिए निर्देशित करने की मांग की है। साथ ही एक सप्ताह में मांग पूरी न होने पर आंदोलन की धमकी दी है। उधर, एसडीएम प्रमोद कुमार ने इस संबंध में कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में व्यवसायी राजेंद्र मेहरा, मुन्ना लाल वर्मा, हरीश लाल वर्मा, मोहन चौबे, जीवन मेहरा, इंद्र लाल वर्मा, सुरेश पंत, राधिका देवी, सीमा मेहरा, त्रिभुवन पंत शामिल थे।