लोहाघाट (चंपावत)। ग्राम पंचायत पाटन-पाटनी के प्रेमनगर में हर घर नल-हर घर जल योजना का कार्य अधूरा होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। रविवार को ग्रामीणों ने नारेबाजी कर शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। खष्टी बल्लभ पांडेय के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द पेयजल योजना का कार्य पूरा नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीण गोविंद बल्लभ खर्कवाल ने बताया कि करीब 4.32 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत पेयजल योजना को साढ़े तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। घरों तक नल से पानी पहुंचने की उम्मीद लगाए ग्रामीण आज भी प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोकर अपनी जरूरतें पूरी करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि करोड़ों रुपये की योजना वर्षों से अधर में लटकी हुई है। इस संबंध में वे जिला प्रशासन के समक्ष भी अपनी समस्या रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।
उन्होंने चेतावनी दी कि विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले योजना का काम शुरू कर उसे पूरा करने की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो वे आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीणों ने जल संस्थान की ओर से स्टैंड पोस्ट उपलब्ध कराने के प्रस्ताव का भी विरोध किया। उनका कहना है कि जब क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की पेयजल योजना स्वीकृत है तो उन्हें स्टैंड पोस्ट के भरोसे क्यों छोड़ा जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि योजना को स्वीकृत स्वरूप में पूरा कर प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाया जाए ताकि लोगों को पानी की समस्या से निजात मिल सके। इस दौरान सुंदर नाथ गोस्वामी, हरीश सिंह अधिकारी, हयात सिंह तड़ागी, संजय फर्त्याल, पुष्कर दत्त पंत, गंगादत्त खर्कवाल, उमेश चंद्र जोशी, हरीश पाटनी, अर्जुन नाथ गोस्वामी, टीकाराम खर्कवाल, दीवान सिंह सामंत, सुरेश चंद्र गडकोटी और सुरेश चंद्र जोशी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।