पिथौरागढ़। गंगोलीहाट विवेकानंद विद्या मंदिर के विद्यार्थियों को पिकनिक से वापस ला रही एक जीप घाट-पिथौरागढ़ हाईवे पर दिल्ली बैंड के पास पलट गई। इस दुर्घटना में चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चालक गणेश, 16 वर्षीय छात्रा कुमकुम और छात्रा राशि शामिल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। ईएमओ डॉ. अब्दुल ने बताया कि तीनों को गंभीर चोटें आईं हैं। घाट चौकी प्रभारी सुरेश कंबोज ने बताया कि चालक ने वापसी से पहले शराब पी थी। नशे में होने के कारण उसने जीप पर नियंत्रण खो दिया और वह सड़क किनारे पलट गई। चालक के नशे में होने की जानकारी न तो पुलिस को थी और न ही शिक्षक को। इस पर स्कूल प्रबंधन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने घटना की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।