पिथौरागढ़। देवलथल की राजस्व उप निरीक्षक को डीएम ने निलंबित किया है। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर यह कदम उठाया है। जांच में इसकी पुष्टि हुई है।
देवलथल की राजस्व उपनिरीक्षक प्रेमा बिष्ट की कार्यक्षेत्र में अनुपस्थित रहने की लगातार शिकायत मिल रही थी। इसे डीएम विनोद गोस्वामी ने गंभीरता से लिया। मामले की तह तक जाने के लिए डीएम ने जांच का निर्णय लिया। इसके लिए एसडीएम गंगोलीहाट को जांच अधिकारी बनाया गया।
जांच में सामने आया कि प्रेमा बिष्ट को 17 से 20 अप्रैल तक चुनाव के दौरान पोलिंग पार्टियों को सामग्री वितरण और प्राप्ति के लिए तैनात किया गया था। वह बिना किसी सूचना के और किसी अन्य को कार्य सौंपे अनुपस्थित रहीं। निर्देश देने के बाद भी वह कार्यक्षेत्र में तैनात नहीं हुईं। इसके अलावा उन्होंने क्रॉप कटिंग कार्य भी नहीं किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने उनके निलंबन के आदेश जारी किए।
डीएम विनोद गोस्वामी ने कहा कि देवलथल की राजस्व उपनिरीक्षक को कार्यों में लापरवाही के लिए निलंबित किया है। लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों को छोड़ा नहीं जाएगा। कहा कि निलंबन के दौरान वह डीडीहाट तहसील में संबद्ध रहेंगी। संवाद