सातशिलिंग-थल रोड पर जेसीबी लगाकर हो रहा केबिल लाइन बिछाने का काम
- फोटो : अमर उजाला
इस जिले में सड़कों की देखरेख करने वाले सरकारी विभाग और संचार कंपनियों को डीएम के आदेशों की भी परवाह नहीं है। सातशिलिंग-थल सड़क पर एक निजी संचार कंपनी ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) बिछाने के लिए मजदूरों से नहीं बल्कि जेसीबी लगाकर सड़क की सीना चीर रही है, जबकि डीएम ने जेसीबी से सड़क के खुदान पर रोक लगा रखी है।
सातशिलिंग-थल मार्ग पर इन दिनों एक निजी संचार कंपनी ओएफसी बिछा रही है। इसके लिए कौलपानी, बांसधार, सुरोली समेत कई स्थानों पर जेसीबी से सड़क को खोदा जा रहा है। एक नहीं तीन-चार मशीनें अलग-अलग स्थानों पर सड़क को खोद रहीं हैं और नुकसान पहुंचा रही हैं। खुदाई से निकली मिट्टी से ही सड़क को पाट दिया जा रहा है। इससे बड़े वाहन तो क्या छोटे वाहनों को भी आवागमन में दिक्कत हो रही है।
कुछ महीने पहले जेसीबी से सड़क खोदने पर सवाल खड़े हुए तो डीएम सी रविशंकर ने जेसीबी से खुदाई करने रोक लगा दी। साथ ही जेसीबी से सड़क खोदने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी थी। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को मजदूरों से खुदाई कराने और खुदाई वाले स्थान पर तत्काल हॉटमिक्स करने के निर्देश दिए थे। उसके बाद जेसीबी से सड़क की खुदाई पर कुछ हद तक रोक लगी, लेकिन एक बार फिर नियम के विपरीत जेसीबी का प्रयोग संचार कंपनियों के ठेकेदार कर रहे हैं।
ओएफसी बिछाने में जेसीबी के प्रयोग पर रोक लगाई गई है, इससे सड़क को नुकसान होता है। यदि कोई इसका उल्लंघन कर रहा है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जेसीबी से सड़कों का खुदान नहीं होने दिया जाएगा। पूर्व में एक मामले में एफआईआर दर्ज हुई है। -सी रविशंकर, डीएम, पिथौरागढ़