पिथौरागढ़। वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने अपने कैंप कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनीं। मंत्री शुक्रवार को निर्माणाधीन आंवलाघाट पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। मंत्री राजकीय विमान से बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ पहुंचे। विमान से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी भी नैनीसैनी हवाई पट्टी पहुंचे थे। डॉ. जोशी नैनीसैनी में 20 मिनट रुकने के बाद हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा रवाना हो गए।
हवाई पट्टी में पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में डॉ. जोशी ने किसी प्रकार से राजनीतिक सवालों का जवाब देने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने इतना भर कहा कि वह अकादमिक क्षेत्र में काम कर रहे हैं। कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से योग और मर्म चिकित्सा पर जो काम किया जा रहा है, वह सराहनीय है। उधर, वित्त मंत्री ने कैंप कार्यालय में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। फोन पर अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। मंत्री शुक्रवार सुबह 10 बजे आंवलाघाट पेयजल योजना के निरीक्षण के लिए रवाना होंगे।
अमर उजाला से बातचीत में मंत्री ने कहा कि आंवलाघाट पेयजल योजना का काम जल्द से जल्द पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। योजना की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आंवलाघाट पेयजल योजना बनने के बाद पिथौरागढ़ नगर के साथ ही आसपास के गांवों की पेयजल समस्या का समाधान हो जाएगा। नगर और आसपास के गांवों में आने वाले कई सालों तक पानी की कोई समस्या नहीं रहेगी।