चंपावत। बदलते मौसम के कारण शुक्रवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ रही। कुल ओपीडी 450 से अधिक दर्ज की गई। फिजिशियन विभाग में सर्वाधिक 182 मरीज पहुंचे। अन्य विभागों में सर्जरी में 52, ईएनटी में 58, बाल रोग में 40, दंत रोग में 31 और स्त्री व प्रसूति रोग विभाग में 31 मरीजों का इलाज हुआ।
अस्पताल में एकमात्र फिजिशियन डॉ. अजय कुमार पर मरीजों की देखभाल का अधिक जिम्मा है। दूसरे फिजिशियन डॉ. दीपक रावत उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली गए हैं। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचएस ह्यांकी ने मौसमी बीमारियों में वृद्धि बताई। उन्होंने लोगों से स्वयं दवा लेने के बजाय अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।