नाचनी (पिथौरागढ़)। नाचनी के भुर्तिंग गांव में ग्राम पंचायत की खुली बैठक में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया है। यह पहला मौका है जब किसी बैठक में खडंजा या रास्तों के बजाय शराबबंदी पर चर्चा हुई। शुक्रवार को ग्राम प्रधान कुंदन सिंह राठौर की अध्यक्षता में यह बैठक हुई।
ग्रामीणों ने शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया। इसमें सामाजिक बहिष्कार और जुर्माना लगाने का फैसला भी शामिल है। ग्रामीणों ने अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक आयोजनों में शराब के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध का प्रस्ताव रखा। उनका मानना है कि युवा और नौनिहाल नशे से दूर रहेंगे तो ही गांव का वास्तविक विकास होगा। नशा मुक्त गांव ही विकास की दौड़ में आगे रहेगा।
बैठक में शामिल शिक्षक हरीश सिंह बृथ्वाल, नाचनी के थानाध्यक्ष मंगल सिंह ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के खिलाफ भी जागरूक किया। इस दौरान बिर्थी झरने में पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिए होमगार्ड की तैनाती का प्रस्ताव भी पारित किया गया। यहां क्षेत्र में योगदान के लिए हरीश बृथ्वाल और नवोदय की प्रवेश परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान पाने वाली छात्रा कुमकुम को भी सम्मानित किया गया। मौके पर वीपीडीओ जगत कोरंगा, वीडीओ प्रदीप भट्ट आदि थे।