पिथौरागढ़/बेड़ीनाग। डिप्लोमा इंजीनियर्स ने जिला मुख्यालय के साथ ही बेड़ीनाग, डीडीहाट, धारचूला में धरना दिया। उन्होंने कहा कि जब तक 27 सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होतीं वे काम पर नहीं लौटेंगे।
जिला मुख्यालय में डिप्लोमा इंजीनियरों ने संघ भवन परिसर में धरना देते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से पदोन्नति, वेतनमान सहित 27 सूत्रीय मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार से अब तक सिर्फ झूठे आश्वासन मिले हैं। अब वे इन झूठे आश्वासनों में नहीं आएंगे। मांगें पूरी होने तक आंदोलन नहीं रुकेगा। वहीं बेड़ीनाग में डिप्लोमा इंजीनियरों ने विधायक फकीर राम टम्टा को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार को हमारी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना होगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा। वहीं विधायक टम्टा ने इंजीनियरों की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। इस मौके पर गोकुल कांडपाल, जगत सिंह बोरा, बीसी भट्ट, ज्योति बिष्ट, हर्षित दानी, जगत सिंह, सूरज आर्या, विनोद प्रकाश आदि थे। संवाद