धुरौली बैंड- काड़ा सड़क में सुरक्षा दीवार टूटने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। जागरूक पाठक
पिथौरागढ़। धुरौली बैंड-काड़ा सड़क दुर्घटनाओं को दावत दे रही है। लंबे समय से लोग सड़क को ठीक करने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी सड़क सुधार के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी है।
देवलथल तहसील के चमू बैंड-चौबाटी सड़क ग्राम पंचायत धुरोली, काड़ा, सौगांव सहित कई अन्य गांवों को जोड़ती है। लंबे समय से यह सड़क बदहाल है। सड़क की सुरक्षा दीवार टूटने से हर वक्त दुर्घटना का खतरा बना रहता है। दीवार टूटने के कारण यहां एंबुलेंस और गैस सिलिंडर का वाहन नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क को ठीक करने की मांग को लेकर कई बार लोनिवि के अधिकारियों को पत्र लिख चुके हैं।
इसके बाद भी सड़क को ठीक नहीं किया गया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में अधिकारी, कर्मचारी बेलगाम हो गए हैं। उन्हें जनता की बिल्कुल भी चिंता नहीं है। शीघ्र दीवार का निर्माण नहीं किया गया तो आचार संहिता समाप्त होने के बाद सात शिलिंग थल मोटर मार्ग पर चमू बैंड के पास चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा। संवाद