मुख्यमंत्री हरीश रावत के धारचूला विधानसभा क्षेत्र में पांच विद्यालयों को आदर्श विद्यालय का दर्जा मिलेगा। शिक्षा विभाग ने इस आशय के आदेश जारी कर दिए हैं। जिन विद्यालयों को आदर्श का दर्जा मिल रहा है उनमें प्राथमिक स्कूल मदकोट और बादनी, जूनियर हाईस्कूल मदकोट और डोर तथा जीआईसी मदकोट शामिल हैं। मदकोट प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश भंडारी ने बताया कि विद्यालयों को आदर्श दर्जा देने संबंधी आदेश प्राप्त हो गया है। मदकोट के समाजसेवी मनोज सिंह धर्मशक्तू ने कहा कि शिक्षा का स्तर ऊंचा होने पर क्षेत्र का विकास होगा और पलायन की रफ्तार कम होगी।
आदर्श विद्यालयों में प्रथम कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में पठन पाठन, खेलने के लिए इंडोर और आउटडोर सुविधा, हर विषय में शिक्षकों की व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए हास्टल, वाहन की सुविधा, पेयजल, भोजन की व्यवस्था, स्वास्थ्य की जांच, स्मार्ट कक्षाओं का संचालन आदि सुविधाएं मिलेंगी। विद्यालय परिसर में सफाई का विशेष ख्याल रखा जाएगा। फरवरी में सभी विद्यालयों को आदर्श विद्यालय का दर्जा मिलने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।