देवीधुरा (चंपावत)। बारिश के बीच देवीधुरा स्थित मां वाराही मंदिर में दूरदराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालुओं ने मंदिर की गुफा में विराजमान आदि शक्ति मां वाराही के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पीठाचार्य कीर्तिबल्लभ जोशी और भुवन चंद्र जोशी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और मां वाराही का आशीर्वाद लिया। कई श्रद्धालुओं ने खोलीखांड़ मैदान स्थित प्राचीन वीर शिला के छिद्र से निकलकर मनौतियां मांगी। मान्यता है कि इस शिला के छिद्र से निकलकर मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करने से मनोकामना पूरी होती है।
देवीधुरा पहुंचे ग्रामीणों ने मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ स्थानीय बाजार में खरीदारी भी की। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों के कारण बाजार में दिनभर चहल-पहल रही।
वॉलीबाल प्रतियोगिता में हल्द्वानी ने जीती ट्रॉफी
देवीधुरा। देवीधुरा में आयोजित चल बैजयंती वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हल्द्वानी की टीम ने रमक को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। रोमांचक मुकाबले में हल्द्वानी ने रमक की टीम को सीधे तीन सेटों में 25-20, 25-18 और 25-12 से पराजित किया।
तीनों सेट अपने नाम कर हल्द्वानी ने प्रतियोगिता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता में विनोद कठायत और गोपाल बिष्ट ने निर्णायक, शकुंतला बोरा और रज्जन कफल्टिया ने स्कोरर की भूमिका निभाई। खुशाल सिंह मेहता ने कमेंट्री की। इस दौरान ठाकुर सिंह, बद्री सिंह, नरेंद्र नाथ गोस्वामी, उत्तम नाथ गोस्वामी, पूरन सिंह और पान सिंह मेहता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने बांधा समा
देवीधुरा। मां वाराही धाम देवीधुरा में इन दिनों सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां वाराही के दर्शन के लिए देवीधुरा पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ मंदिर समिति के अध्यक्ष हीराबल्लभ जोशी ने किया। इस मौके पर जय पूर्णागिरि देवभूमि के कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली और पंजाबी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर तक झूमते नजर आए। इस दौरान वीरेंद्र सिंह लमगड़िया, त्रिलोक सिंह, विनोद जोशी, मोहन बिष्ट, प्रकाश सिंह, रमेश राणा और ईश्वर सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।