बेड़ीनाग अस्पताल में भर्ती इजाजुल हुसैन
- फोटो : अमर उजाला
ग्रामीण बैंक से लिया गया एक लाख रुपये का कर्ज अदा न कर पाने के कारण 18 फरवरी को गिरफ्तार किए गए बेड़ीनाग नगर निवासी इजाजुल हुसैन (48) की सोमवार रात तहसील के बंदीगृह में अचानक तबियत बिगड़ गई। बकाएदार की तबियत बिगड़ने की सूचना से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया। मंगलवार सुबह इजाजुल को पुलिस के संरक्षण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया।
इजाजुल के भाई इकरामल हुसैन ने बताया कि इजाजुल ने नया काम शुरू करने के लिए ग्रामीण बैंक की बेड़ीनाग शाखा से एक लाख रुपये का कर्ज लिया था, लेकिन वह किसी कारणवश काम शुरू नहीं कर पाए और बैंक की देनदारी को अदा नहीं कर सके। इस बीच एसडीएम एसएस सैनी के निर्देश पर राजस्व विभाग ने बकाएदारों की गिरफ्तारी का अभियान चलाया और 18 फरवरी को इजाजुल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के कारण तनाव में आए इजाजुल की तबियत बिगड़ने लगी। सोमवार रात उनकी तबियत ज्यादा खराब हो गई।
पेट दर्द और सिरदर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। बताया गया कि इजाजुल की किडनी में भी खराबी है। तहसीलदार रघुवीर सिंह के आदेश पर मंगलवार सुबह तहसील के कर्मचारी इजाजुल को अस्पताल ले आए हैं। डॉक्टरों के अनुसार इजाजुल का इलाज किया जा रहा है। अभी उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य ठीक होने पर फिर से तहसील के बंदीगृह में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्ज अदा करने तक इजाजुल को रिहा नहीं किया जाएगा।